Jharkhand State | Cooperative Training Centre (CTC), Ranchi

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (PM-RKVY) अंतर्गत 5 दिवसीय वैज्ञानिक लाह खेती प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (PM-RKVY) वित्तीय वर्ष 2025–26 के अंतर्गत सिद्धो-कान्हो कृषि एवं वनोपज राज्य सहकारी संघ लिमिटेड (SIDHKOFED), राँची द्वारा आयोजित वैज्ञानिक लाह खेती पर 5 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन दिनांक 19 जून 2026 को श्री कुमार सौरव, PMU सीनियर मैनेजर (ट्रेड एवं मार्केटिंग), की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम दिनांक 15 जून 2026 से 19 जून 2026 तक आयोजित किया गया, जिसमें राँची जिले के लापुंग प्रखंड तथा खूंटी जिले के अड़की प्रखंड से कुल 58 कृषकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को वैज्ञानिक एवं उन्नत लाह खेती तकनीकों, लाह फसल प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण, गुणवत्तापूर्ण उत्पादन, प्रसंस्करण तथा विपणन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ विषय विशेषज्ञों द्वारा प्रदान की गईं। कृषकों ने प्रशिक्षण के प्रति विशेष रुचि एवं उत्साह प्रदर्शित करते हुए आधुनिक तकनीकों को अपनाने तथा वैज्ञानिक पद्धति से लाह उत्पादन बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को कृषि क्षेत्र में नवीन तकनीकों एवं नवाचारों से परिचित कराने के उद्देश्य से मोराबादी, राँची में आयोजित कृषि मेला का एक्सपोज़र विजिट भी कराया गया। इस भ्रमण के माध्यम से कृषकों को कृषि एवं वानिकी आधारित विभिन्न उन्नत तकनीकों, आधुनिक उपकरणों तथा आजीविका संवर्धन से संबंधित नवीन जानकारियों को समझने एवं सीखने का अवसर प्राप्त हुआ।
समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। साथ ही, प्रशिक्षण में अर्जित ज्ञान एवं कौशल के प्रभावी उपयोग तथा वैज्ञानिक लाह उत्पादन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से CTC फुदी, खूंटी में कृषकों के बीच लाह टूलकिट का वितरण भी किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कृषकों की तकनीकी दक्षता में वृद्धि कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा वैज्ञानिक लाह खेती के माध्यम से उनकी आय एवं आजीविका के अवसरों को सुदृढ़ करना था। कार्यक्रम के सफल आयोजन से क्षेत्र में वैज्ञानिक लाह उत्पादन को बढ़ावा मिलने तथा कृषकों की आर्थिक स्थिति को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान मिलने की अपेक्षा है।

Main Menu